ट्राई सीरीज: वैभव सूर्यवंशी के तूफान और प्रभसिमरन-ऋतुराज-तिलक के धमाके से इंडिया ए ने खड़ा किया 349 रनों का विशाल स्कोर
श्रीलंका के दांबुला में खेली जा रही ट्राई-नेशन ए सीरीज के दूसरे मैच में इंडिया ए के बल्लेबाजों ने अफगान गेंदबाजों की जमकर धज्जियां उड़ाईं। अफगानिस्तान ए ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों के इरादे कुछ और ही थे। बेहतरीन बल्लेबाजी प्रदर्शन के दम पर इंडिया ए ने पहली पारी में 349 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया है।
वैभव सूर्यवंशी का टी20 स्टाइल तूफान
ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने वनडे क्रिकेट में टी20 के अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए टीम को ताबड़तोड़ शुरुआत दिलाई। उन्होंने महज 22 गेंदों पर 200 की स्ट्राइक रेट से 44 रन की विस्फोटक पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 9 शानदार चौके जड़े। दिलचस्प बात यह रही कि आईपीएल में गगनचुंबी छक्के लगाने के लिए मशहूर वैभव ने इस पूरी पारी के दौरान एक भी छक्का नहीं लगाया।
यह भी पढ़ें: Vaibhav Suryavanshi Biography: Real Age, Caste & Records
प्रभसिमरन, ऋतुराज और कप्तान तिलक वर्मा चमके
वैभव के आउट होने के बाद भी रनों की रफ्तार कम नहीं हुई। भारतीय टीम के अन्य शीर्ष बल्लेबाजों ने भी मैदान पर जमकर चौके-छक्के बरसाए:
- प्रभसिमरन सिंह: इस ओपनर ने अफगान गेंदबाजों पर पूरी तरह दबदबा बनाए रखा। उन्होंने 69 गेंदों पर 14 चौकों की मदद से 84 रनों की बेहद आक्रामक पारी खेली।
- ऋतुराज गायकवाड़: पिछले मैच के शतकवीर ऋतुराज ने इस मुकाबले में भी अपनी शानदार फॉर्म जारी रखी। उन्होंने जिम्मेदारी से बल्लेबाजी करते हुए 80 गेंदों पर 3 चौकों की मदद से 66 रन बनाए।
- तिलक वर्मा: कप्तान तिलक वर्मा ने मोर्चे से टीम की कमान संभाली और कप्तानी पारी खेली। उन्होंने 73 गेंदों का सामना करते हुए 5 चौकों की बदौलत 66 रन जोड़े।
अब्दुल्लाह अहमदजई का पंजा
एक तरफ जहां भारतीय बल्लेबाज रनों का अंबार लगा रहे थे, वहीं अफगानिस्तान ए की तरफ से गेंदबाज अब्दुल्लाह अहमदजई ने अकेले संघर्ष किया। उन्होंने शानदार गेंदबाजी का मुजाहिरा पेश करते हुए अपने 9 ओवरों के स्पेल में 68 रन देकर 5 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। हालांकि, उनके इस ‘पंजें’ के बावजूद वह भारतीय टीम को 350 के पार जाने से नहीं रोक सके।
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी की IPL 2026 की सबसे तेज़ पारी

